महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड आवास बोर्ड ने भेजा नोटिस, कहा- यह आखिरी मौका

Ranchi : रांची में चर्चा का विषय बन चुके क्रिकेट स्टार महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड आवास बोर्ड की तरफ से नोटिस भेजा गया है। बोर्ड ने साफ कहा है कि धोनी को अपना पक्ष रखने के लिए यह अंतिम मौका है। अगर उन्होंने अपना पक्ष नहीं रखा, तो उन्हें 2006 में मिले हरमू हाउसिंग कॉलोनी के भूखंड का आवंटन रद्द किए जाने की सिफारिश की जा सकती है।
हरमू हाउसिंग कॉलोनी
दरअसल, धोनी को 2006 में अर्जुन मुंडा सरकार के समय हरमू हाउसिंग कॉलोनी में एक आवासीय भूखंड मिला था। यह भूखंड तब से धोनी के नाम पर दर्ज है। लेकिन अब उसी इलाके में न्यूबर्ग सुप्राटेक नामक लैब खुलने के कारण नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है। आवास बोर्ड का कहना है कि नियमों के अनुसार यह भूखंड केवल आवासीय इस्तेमाल के लिए था, लेकिन लैब खुलने से नियमों का उल्लंघन हुआ है।
धोनी को भेजा नोटिस
कुछ दिन पहले ही आवास बोर्ड ने धोनी को नोटिस भेजा। इसमें साफ लिखा गया कि वे अपना पक्ष निर्धारित समय में रखें, नहीं तो भूखंड के आवंटन रद्द करने की सिफारिश की जा सकती है।
