अंडर-17 राष्ट्रीय स्कूली क्रिकेट के लिए झारखंड बालिका टीम हरियाणा रवाना
रांची : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में अंडर-17 बालिका वर्ग की 16 सदस्यीय झारखंड स्कूली क्रिकेट टीम सोमवार को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरियाणा के लिए रवाना हुई। यह टीम 69वीं एसजीएफआई (SGFI) राष्ट्रीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी, जिसका आयोजन 29 अप्रैल से 03 मई 2026 तक रोहतक में किया जाएगा।
टीम की कप्तानी प्रियांशी कारवा को सौंपी गई है। खिलाड़ियों का चयन “खेलो झारखंड” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय ओपन ट्रायल के आधार पर किया गया है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा सभी खिलाड़ियों को ट्रैकसूट, टी-शर्ट एवं आवश्यक खेल सामग्री प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
टीम कोच चिंतामणि कुमारी और मैनेजर विशाल यादव के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास देखा जा रहा है, और टीम राज्य के लिए बेहतर प्रदर्शन करने के उद्देश्य से पूरी तरह तैयार है।
