खेल

झारखंड बालक सुपर स्पीड खो-खो टीम ने फेडरेशन कप में कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास

रांची/नई दिल्ली : झारखंड बालक सुपर स्पीड खो-खो टीम ने पालम, नई दिल्ली में आयोजित द्वितीय फेडरेशन कप सुपर स्पीड खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता 27 जून से 29 जून तक सुपर स्पीड खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में माँ गंगा विद्यालय, पालम के प्रांगण में मैट पर आयोजित की गई थी।

प्रतियोगिता के तीसरे स्थान के लिए हुए संघर्षपूर्ण मुकाबले में झारखंड बालक टीम ने मेज़बान नई दिल्ली को कड़े संघर्ष के बाद 17-15 अंकों से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही टीम ने चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाते हुए इतिहास रच दिया। पूरे मैच के दौरान झारखंड टीम के खिलाड़ियों ने अनुशासन और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन किया।

टीम के कप्तान शिवम नायक और उपकप्तान सन्नी कुमार ने नेतृत्व में बेहतरीन तालमेल दिखाया, वहीं अभिषेक उरांव, शिवा कुमार, आकाश कुमार और रोहण कुमार जैसे खिलाड़ियों ने शानदार खेल से दर्शकों और आयोजकों का दिल जीत लिया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर झारखंड राज्य सुपर स्पीड खो-खो एसोसिएशन के महासचिव व टीम के चीफ डी मिशन विवेक कुमार, झारखंड खो-खो संघ के अध्यक्ष अजय झा, कोषाध्यक्ष सहजाद कुरैशी, संयुक्त सचिव नीतेश कुमार साहू, संरक्षक सजल बनर्जी, कार्यकारी अध्यक्ष भरत कुमार, वरीय उपाध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी, उपाध्यक्ष अखिलेश्वर उपाध्याय, मुकेश कुमार, चन्द्रकांत लाल, कुश साहू, निखिल कुमार, अभिषेक कुमार, दिव्या रानी सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने पूरी टीम को इस सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

झारखंड टीम की यह उपलब्धि न केवल राज्य के खो-खो खेल के विकास की दिशा में एक मील का पत्थर है, बल्कि युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने में भी सहायक साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *