धनबाद

झारखंड में होम गार्ड भर्ती का आगाज, हजारों अभ्यर्थी आज से मैदान में

बहाली

Dhanbad : होम गार्ड के करीब 1500 रिक्त पदों पर बहाली प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो रही है। भर्ती को पूरी तरह पारदर्शी और कदाचार मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इसकी तैयारियों को लेकर रिहर्सल भी कराया गया।

22 अप्रैल तक चलेगी पूरी प्रक्रिया
इस भर्ती में करीब 15 हजार अभ्यर्थियों के भाग लेने की उम्मीद है। बहाली प्रक्रिया 22 अप्रैल तक चलेगी। हर दिन लगभग 1000 महिला और पुरुष उम्मीदवार शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा देनी होगी, जिसमें दौड़, लंबी कूद समेत अन्य टेस्ट शामिल हैं। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा।

सघन जांच से गुजरेंगे अभ्यर्थी
भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए पहले से रिहर्सल किया गया है। अधिकारियों और कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई है। अभ्यर्थियों की पहचान पत्र जांच, दस्तावेज सत्यापन और एफआरडी प्रक्रिया के जरिए सघन जांच की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा न हो सके।

सीसीटीवी निगरानी में होगी पूरी प्रक्रिया
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पूरी बहाली प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि भर्ती निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सके। जिले में इस भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सरकारी नौकरी की इस प्रक्रिया में अपनी किस्मत आजमाने को तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *