सारंडा जंगल में IED ब्लास्ट, जवान घायल, एयरलिफ्ट कर लाया गया रांची

Chaibasa : चाईबासा जिले के सारंडा जंगल से बड़ी खबर सामने आई है। नक्सलियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया, जिसमें सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए रांची भेजा गया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल सारंडा इलाके में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे थे। इसी दौरान टीम जैसे ही आगे बढ़ी, रास्ते में पहले से बिछाए गए आईईडी में अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट में एक जवान घायल हो गया, जबकि अन्य जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
इलाके में लगातार चल रहा ऑपरेशन
सारंडा जंगल लंबे समय से नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है। यहां सुरक्षाबलों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में सुरक्षाबलों को सफलता भी मिली है, जिससे नक्सली बैकफुट पर हैं।
IED बिछाकर कर रहे हमले की कोशिश
जानकारी मिल रही है कि नक्सली सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए अलग-अलग जगहों पर आईईडी लगा रहे हैं। इसी कड़ी में यह विस्फोट हुआ। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है।
घायल जवान का इलाज जारी
घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया, जहां बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि जवान की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
