झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से शुरू, कांग्रेस विधायक दल ने तय की रणनीति
रांची: झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कांग्रेस कोटे के मंत्रियों और विधायकों की साझा रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने की।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि छोटा होने के बावजूद इस शीतकालीन सत्र को जनोपयोगी और प्रभावी बनाने में कांग्रेस के सभी विधायक अपनी सक्रिय और सार्थक भूमिका निभाएंगे।
कांग्रेस की रणनीति
- कांग्रेस कोटे के सभी चार मंत्री पूरी तैयारी के साथ सदन में उपस्थित रहेंगे।
- जनसरोकार से जुड़े सवालों का प्रभावी ढंग से जवाब दिया जाएगा।
- यदि विपक्ष कांग्रेस या उसके नेताओं के खिलाफ असंसदीय टिप्पणी करता है, तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
भाजपा पर सरकार अस्थिर करने का आरोप
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सरकार को अस्थिर करने की साजिश के तहत अफवाहें फैला रही है। उन्होंने कहा कि इन अफवाहों का असर प्रशासनिक कामकाज पर पड़ रहा है और अधिकारी काम करने से हिचक रहे हैं, जिससे विकास कार्यों की गति धीमी हो रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस समुद्र है और सभी विधायक फेविकोल की तरह एकजुट हैं। विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं।”
बैठक में उपस्थित नेता
बैठक में प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सह प्रभारी वेला प्रसाद, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, राजेश कच्छप, डॉ. रामेश्वर उरांव, भूषण बाड़ा, सोनाराम सिंकू, डॉ. इरफान अंसारी, श्वेता सिंह, निशात आलम, शिल्पी नेहा तिर्की, दीपिका पांडेय सिंह, ममता देवी, नमन विक्सल कोंगाड़ॉ और सुरेश बैठा शामिल थे।
