Home

भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष बने जावेद अख्तर

Ranchi : भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ की रांची जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जिला परिषद परिसर में आयोजित की गई। बैठक में रांची के जाने माने पत्रकार जावेद अख्तर को सर्वसम्मति से जिला अध्यक्ष चुना गया। यह बैठक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह के निर्देश पर आयोजित की गई थी।

बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में जयपुर के वरिष्ठ पत्रकार एवं भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के राजस्थान प्रदेश पदाधिकारी गोपाल कृष्ण शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन की मजबूती और पत्रकारों के हितों के लिए एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर संघ के राष्ट्रीय सचिव सह झारखंड प्रभारी संतोष पाठक, प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद थे। बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, पत्रकारों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर भी चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी ने जावेद अख्तर के जिला अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर का अनुभव और पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान संगठन को नई दिशा देगा।

ज्ञात हो कि जावेद अख्तर इससे पहले रांची प्रेस क्लब के सचिव भी रह चुके हैं और लंबे समय से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। उनके जिला अध्यक्ष चुने जाने पर विभिन्न पत्रकार संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी है।

नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष जावेद अख्तर ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *