पूर्वी सिहंभूमि

Jamshedpur Crime: मानगो में ब्राउन शुगर की 64 पुड़िया के साथ दो युवक गिरफ्तार, 4.93 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 2 नवंबर 2026। मानगो थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के पास से कुल 64 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 4.93 ग्राम है, और 530 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी।

गुप्त सूचना पर फॉरेस्ट एरिया में छापेमारी

सिटी एसपी के अनुसार, 1 नवंबर की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब को सूचना मिली थी कि जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर ऑपरेशन प्रहार के तहत सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम में मानगो थाना पुलिस और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम रात करीब 8 बजे चिह्नित स्थान पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर भागने लगे, पीछा कर पकड़ा

पुलिस के मुताबिक, एक शेड के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उनके पास से ब्राउन शुगर और नकदी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, मनमीत सिंह (20), पिता गुरदीप सिंह, निवासी खानकाह, कुंवर सिंह रोड के पास, ओलीडीह के पास से 36 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 2.82 ग्राम था, और 310 रुपये नकद बरामद हुए।

वहीं, दूसरे युवक आनंद राज विद्यार्थी उर्फ जोंटी (24) के पास से 28 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 2.11 ग्राम था, और 220 रुपये नकद बरामद किए गए।

दोनों आरोपित न्यायिक हिरासत में भेजे गए

पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

छापेमारी टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1), मानगो थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मोहम्मद जफर अली, रविशंकर कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुजूर तथा आरक्षी बलराम गोप और शहवाज आलम शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *