Home

जमशेदपुर में नशे के कारोबार पर वार, 38 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

Jamshedpur : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 38 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 3.71 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली ने सोमवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सिद्धो-कान्हू आवासीय विद्यालय के पीछे स्थित खाली मैदान में कुछ युवक नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कई युवक भागने में सफल रहे, लेकिन एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र के तामोलिया निवासी संदीप कुमार पाण्डेय (26) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। साथ ही एक पर्स भी जब्त किया गया, जिसमें पहचान पत्र समेत अन्य दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कपाली क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर उलीडीह इलाके में बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह किन लोगों और नेटवर्क के माध्यम से नशीले पदार्थों की खरीद और आपूर्ति करता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उलीडीह ओपी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, मौके से फरार अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली, एसआई रविन्द्र पाण्डेय, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई विजय कुमार, एएसआई अखिलेश प्रसाद तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *