Home

IPL 2026 नीलामी: पथिराना पर KKR ने लुटाए 18 करोड़, कैमरन ग्रीन बने नीलामी के सबसे महंगे सितारे

आरसीबी को जैकब डफी के रूप में सस्ता सौदा, राजस्थान ने रवि बिश्नोई को जोड़ा अपने खेमे में

अबू धाबी (यूएई), 16 दिसंबर । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की नीलामी में मंगलवार को कई बड़े और चौंकाने वाले सौदे देखने को मिले। श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 18 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर खरीदा, जबकि मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी को सिर्फ 2 करोड़ रुपये में हासिल कर नीलामी का सबसे सस्ता और चौंकाने वाला सौदा किया। भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खेमे में शामिल हो गए।

पथिराना पर चली लंबी जंग, अंत में केकेआर ने मारी बाज़ी
मथीशा पथिराना के लिए नीलामी की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने की, जिसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) भी दौड़ में शामिल हो गई। डीसी और एलएसजी के बीच बोली 10.40 करोड़ रुपये तक पहुंची। जब कीमत 15.80 करोड़ रुपये पर थी, तभी केकेआर ने एंट्री लेते हुए पहले 16 करोड़ और फिर सीधे 18 करोड़ रुपये की बोली लगाकर पथिराना को अपने नाम कर लिया।

टी-20 में पथिराना का दमदार रिकॉर्ड
श्रीलंकाई तेज गेंदबाज पथिराना ने अब तक 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 31 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका औसत 18.25 का रहा है। कुल टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 100 मैचों में 133 विकेट झटके हैं। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 32 मैचों में 47 विकेट चटकाए हैं। आईपीएल 2025 में उनके खाते में 13 मैचों में 12 विकेट रहे थे।

राजस्थान ने रवि बिश्नोई पर लगाया दांव
भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को राजस्थान रॉयल्स ने 7.40 करोड़ रुपये में खरीदा। बिश्नोई की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये थी। उनके लिए चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, लेकिन अंततः राजस्थान ने बाज़ी मार ली। बिश्नोई ने 42 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 61 विकेट लिए हैं, उनका औसत 19.37 रहा है।

आरसीबी को जैकब डफी के रूप में बड़ा फायदा
नीलामी का एक और बड़ा आकर्षण न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी रहे, जिन्हें आरसीबी ने महज 2 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ लिया। डफी इस समय शानदार फॉर्म में हैं। वर्ष 2025 में उन्होंने 21 मैचों में 35 विकेट लिए हैं और वह इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। कुल टी-20 करियर में डफी के नाम 156 मैचों में 178 विकेट दर्ज हैं।

कैमरन ग्रीन 25.20 करोड़ में बिके

नीलामी की शुरुआत ही धमाकेदार रही, जब ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को केकेआर ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके साथ ही ग्रीन आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी और सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए। ग्रीन के लिए पहले राजस्थान रॉयल्स और केकेआर के बीच बोली चली, जिसमें राजस्थान लगभग 13 करोड़ रुपये पर बाहर हो गई। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने बोली बढ़ाकर कीमत 25 करोड़ रुपये तक पहुंचाई, लेकिन केकेआर ने 25.20 करोड़ रुपये की अंतिम बोली लगाकर उन्हें अपने पाले में कर लिया।

ग्रीन का टी-20 और आईपीएल रिकॉर्ड
कैमरन ग्रीन ने अब तक 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 521 रन बनाए हैं और 12 विकेट झटके हैं। टी-20 क्रिकेट में उनके नाम 63 मैचों में 1,334 रन और 28 विकेट दर्ज हैं। आईपीएल में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए उन्होंने 29 मैचों में 707 रन बनाए और 16 विकेट लिए हैं। चोट के कारण वह पिछले सीजन की नीलामी में हिस्सा नहीं ले सके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *