एमजीएम क्षेत्र में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम, 30 जुलाई। पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र के बेको गांव निवासी मंतोष महतो उर्फ बुधू महतो (38) तथा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बंदवान क्षेत्र निवासी शंभू गोराई (58) और प्राण कृष्ण गोराई (53) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर बेको गांव में छापेमारी
गुरुवार को प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि 29 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास और पुलिस टीम ने बेको गांव में छापेमारी की।
तलाशी के दौरान मंतोष महतो के घर से 7.2 किलोग्राम गांजा, 6,400 रुपये नकद और डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।
पुरुलिया से गांजा लाकर करता था बिक्री
पुलिस के अनुसार पूछताछ में मंतोष महतो ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से गांजा मंगाकर अपने घर में छिपाता था और आसपास के क्षेत्रों में इसकी अवैध बिक्री करता था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि बंदवान से दो अन्य तस्कर गांजा लेकर उसके घर आने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने बेको से छोटाबांकी गांव जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक से पहुंचे शंभू गोराई और प्राण कृष्ण गोराई को पुलिस ने पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से 2 किलोग्राम गांजा और 24,960 रुपये नकद बरामद किए गए।
कुल 9.2 किलो गांजा और 31,360 रुपये बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 9.2 किलोग्राम गांजा, 31,360 रुपये नकद, एक बाइक, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक जियो कीपैड मोबाइल और एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन जब्त किया है।
तीनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और अंतरराज्यीय तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
