बीआईटी मिश्रा में अंतरराष्ट्रीय विजेताओं का भव्य स्वागत, झारखंड के मास्टर एथलीट्स सम्मानित
रांची के बीआईटी मिश्रा परिसर में आज झारखंड मास्टर एथलेटिक्स के उन खिलाड़ियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जो हाल ही में वर्ल्ड मास्टर खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लौटे हैं। सभी विजेता खिलाड़ियों को फूल-माला और गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
थाईलैंड के पटाना शहर में 17 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित वर्ल्ड मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। इसमें अशोक कुमार महतो (65+) ने तीन स्वर्ण पदक, लक्ष्मण राम ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक, दशरथ महतो ने दो स्वर्ण पदक, मेरी मुंजनी ने तीन स्वर्ण पदक तथा अनु सिंह ने तीन रजत पदक जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन किया।
इसके अलावा, राम प्रताप मुंडा ने चेन्नई में आयोजित एशियाई मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर झारखंड मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव लक्ष्मण राम, अध्यक्ष राजकुमार वाल्मीकि, कोषाध्यक्ष संजय राय, संयुक्त सचिव राजेंद्र महतो समेत कई पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे। सभी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन राम पाल सिंह ने किया। उन्होंने जानकारी दी कि भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को लगातार तैयार रहने की आवश्यकता है। समारोह के अंत में सभी के लिए लंच की भी व्यवस्था की गई। साथ ही झारखंड के सभी खिलाड़ियों को सूचित किया गया कि आगामी प्रतियोगिताओं की जानकारी समय-समय पर दी जाएगी।
