Home

धनबाद कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी कलह, जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोप

Dhanbad : कांग्रेस पार्टी में लंबे समय से चल रही अंदरूनी नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। धनबाद के सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष संतोष सिंह की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। नेताओं ने संगठन को कमजोर करने, मनमाने तरीके से पद बांटने और आर्थिक लेन-देन के जरिए पदाधिकारी नियुक्त करने जैसे आरोप लगाए। बैठक में पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज सिंह, वरिष्ठ नेता अशोक लाल, वैभव सिंह समेत कई पुराने कार्यकर्ता मौजूद थे। नेताओं ने कहा कि पार्टी में समर्पित और मेहनती कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है, जबकि व्यक्तिगत नजदीकी और पैसे के आधार पर जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। इससे संगठन के भीतर असंतोष बढ़ता जा रहा है।

पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि लगातार चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर होता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद जिला नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों पर निजी हितों के लिए दबाव बनाया जाता है। जब अधिकारी नियमों के खिलाफ काम करने से इनकार करते हैं, तो उनके खिलाफ आंदोलन खड़ा कर दिया जाता है।

बैठक के दौरान नेताओं ने यह भी दावा किया कि संगठन के छोटे-छोटे पदों के लिए भी कथित रूप से पैसे लिए जा रहे हैं। नेताओं का कहना था कि ऐसी स्थिति में ईमानदारी से काम करने वाले कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है और पार्टी की छवि खराब हो रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक लाल ने जिला अध्यक्ष की कार्यशैली को तानाशाही बताते हुए कहा कि अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी हाईकमान ने जल्द हस्तक्षेप नहीं किया, तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। बैठक में मौजूद नेताओं ने मांग की कि जिला संगठन में पारदर्शिता लाई जाए और कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाए। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर जिला अध्यक्ष संतोष सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *