Home

भारत की ऑस्ट्रेलिया पर दूसरी सबसे बड़ी जीत:उसके घर में सबसे बड़े अंतर से हराया, टी-20 सीरीज में 2-1 से आगे

क्वींसलैंड: भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला जीत लिया है। कैरारा ओवल में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया 48 रनों से विजेता बनी। पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 8 विकेट पर 167 रन बनाए। पिच बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी और इसी वजह से ऑस्ट्रेलिया को भी परेशानी हुई। टीम ने लगातार विकेट खोए और 19वें ओवर में 119 रनों पर ऑलआउट हो गई। यह घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया का टी20 में दूसरा सबसे छोटा स्कोर है। 5 मैचों की सीरीज में भारत के पास 2-1 की बढ़त हो गई है। टीम अब यह सीरीज नहीं हार सकी।

गिल और अभिषेक में अर्धशतकीय साझेदारी

मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने 6.4 ओवरों में 56 रन की साझेदारी की। अभिषेक 21 गेंदों में 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 3 चौके शामिल रहे। यहां से शिवम दुबे ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूती देने की कोशिश की। दुबे 18 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया। गिल 39 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 46 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सूर्या ने 10 गेंदों में 20 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। तिलक वर्मा और जितेश शर्मा सस्ते में आउट हो गए। वाशिंगटन सुंदर ने 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ 12 रन की पारी खेली। अंतिम ओवरों में अक्षर पटेल ने 11 गेंदों में 21 रन की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को 167 तक पहुंचाया।

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन एलिस और एडम जांपा ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि जेवियर बार्टलेट और मार्कस स्टोइनिस को 1-1 सफलताएं हाथ लगीं। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मुकाबलों की सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। इसके बाद मेलबर्न में खेले गए मुकाबले को ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट से अपने नाम किया। हालांकि, टीम इंडिया ने होबार्ट में खेले गए तीसरे मुकाबले को 5 विकेट से जीतकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *