Home

हॉकी नेशन्स कप के लिए भारतीय महिला टीम घोषित, झारखंड की तीन बेटियों को मिला मौका; सलीमा टेटे करेंगी कप्तानी

रांची: न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में 15 से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले FIH महिला हॉकी नेशन्स कप 2025-26 के लिए हॉकी इंडिया ने 20 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। टीम में झारखंड की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों सलीमा टेटे, निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग का चयन हुआ है। इनमें सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

झारखंड की बेटी और भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे एक बार फिर टीम की अगुआई करती नजर आएंगी। उनके साथ 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी अनुभवी डिफेंडर निक्की प्रधान तथा उभरती हुई मिडफील्डर दीपिका सोरेंग भी टीम में शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा रही थीं।

सलीमा टेटे और दीपिका सोरेंग सिमडेगा जिले की रहने वाली हैं, जबकि निक्की प्रधान खूंटी जिले से संबंध रखती हैं। तीनों खिलाड़ी वर्तमान में रांची रेल मंडल में कार्यरत हैं।

भारत का पूल और मुकाबले

भारतीय टीम को पूल-ए में जापान, अमेरिका और उरुग्वे के साथ रखा गया है। वहीं पूल-बी में मेजबान न्यूजीलैंड, चिली, कोरिया और फ्रांस की टीमें शामिल हैं।

भारत के पूल चरण के मुकाबले:

  • 15 जून – भारत बनाम अमेरिका (शाम 4:15 बजे IST)
  • 16 जून – भारत बनाम जापान (शाम 6:30 बजे IST)
  • 18 जून – भारत बनाम उरुग्वे (शाम 4:15 बजे IST)

टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 20 जून तथा फाइनल 21 जून को खेला जाएगा।

झारखंड की हॉकी प्रतिभाओं का बढ़ता दबदबा

भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की तीन खिलाड़ियों के चयन पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राज्य के खिलाड़ी विभिन्न स्तरों पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय टीमों में झारखंड की बेटियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भी झारखंड के आठ खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसके अलावा जूनियर भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में भी राज्य के कई खिलाड़ी शामिल हैं, जो झारखंड में हॉकी के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

हॉकी झारखंड ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *