भारतीय महिला हॉकी टीम बनी FIH महिला नेशंस कप चैंपियन, फाइनल में न्यूजीलैंड को 2-0 से हराया
कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन, प्रो लीग में मिली जगह
रांची/ऑकलैंड: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाते हुए FIH हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को ऑकलैंड के नॉर्थ हार्बर हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारत ने FIH महिला प्रो लीग 2026-27 के लिए भी क्वालीफाई कर लिया, जो भविष्य के बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 की तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
शुरुआत से ही भारत का दबदबा
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। मैच के चौथे मिनट में नवनीत कौर ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 15वें मिनट में सुनेलता टोप्पो ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल दागकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
इसके बाद भारतीय रक्षा पंक्ति ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। पूरे मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने अनुशासित हॉकी खेलते हुए मेजबान टीम को गोल करने से रोके रखा।
दीपिका बनीं टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर
भारतीय टीम की युवा स्टार खिलाड़ी दीपिका सहरावत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह गोल दागे और प्रतियोगिता की शीर्ष गोल स्कोरर रहीं। उनके शानदार प्रदर्शन ने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
झारखंड की बेटियों ने बढ़ाया मान
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की तीन बेटियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम की कप्तान सलीमा टेटे, अनुभवी खिलाड़ी निक्की प्रधान और युवा प्रतिभा दीपिका सोरेंग ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन किया।
हॉकी इंडिया ने की पुरस्कार राशि की घोषणा
भारतीय महिला हॉकी टीम के FIH महिला नेशंस कप चैंपियन बनने पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई दी। हॉकी इंडिया ने टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को तीन-तीन लाख रुपये तथा सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा की।
भारतीय महिला हॉकी टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
