रांची

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों ने की शिष्टाचार मुलाकात

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को झारखंड मंत्रालय में भारतीय विदेश सेवा (2010 बैच) के अधिकारियों मोहम्मद शाहिद आलम और सुशील प्रसाद ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास, निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में झारखंड सरकार की प्रमुख विकास योजनाओं, राज्य में निवेश एवं आर्थिक विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य के विकासात्मक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने प्रवासन एवं गतिशीलता (Migration and Mobility) साझेदारी, वन्यजीव पर्यटन, कौशल विकास, शिक्षा क्षेत्र में सहयोग तथा भारतीय प्रवासी समुदाय की सहभागिता जैसे विषयों पर विशेष चर्चा की।

मुख्यमंत्री और दोनों अधिकारियों के बीच झारखंड की शासन व्यवस्था और राज्य की विकास यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि मोहम्मद शाहिद आलम वर्तमान में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में तथा सुशील प्रसाद नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग में पदस्थापित हैं। दोनों अधिकारी मध्यावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम (Mid-Career Training Programme) के तहत झारखंड दौरे पर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *