Home

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पिस्का और मुरी स्टेशन का लोकार्पण, झारखंड को मिली आधुनिक रेल अवसंरचना की सौगात

रांची : झारखंड की रेल अवसंरचना को शुक्रवार को नई पहचान मिली, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रांची रेल मंडल के पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित इन दोनों स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के साथ विकसित किया गया है। इससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने के साथ-साथ राज्य में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

आनंद विहार की तर्ज पर विकसित हुआ पिस्का स्टेशन

रांची शहर के पश्चिमी क्षेत्र, विशेषकर रातू रोड और आसपास के इलाकों के लाखों यात्रियों के लिए पिस्का रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से लैस हो गया है। स्टेशन का पुनर्विकास दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन की तर्ज पर किया गया है। यहां आकर्षक भवन, बेहतर प्लेटफॉर्म, आधुनिक प्रतीक्षालय, सुगम प्रवेश-निकास व्यवस्था और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इससे स्थानीय यात्रियों को सुविधाजनक रेल सेवा के साथ क्षेत्र के व्यापार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।

स्थानीय संस्कृति और आधुनिकता का संगम बना मुरी जंक्शन

मुरी जंक्शन का पुनर्विकास झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक इंजीनियरिंग के समन्वय के साथ किया गया है। स्टेशन की नई वास्तुकला स्थानीय कला और संस्कृति को प्रदर्शित करती है, जबकि आधुनिक सुविधाएं इसे विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन का स्वरूप प्रदान करती हैं। सुरक्षा, स्वच्छता और यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया गया है।

आधुनिक सुविधाओं से बदली स्टेशनों की तस्वीर

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दोनों स्टेशनों में कई महत्वपूर्ण सुविधाएं विकसित की गई हैं। स्टेशन भवनों को नया और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। प्रवेश द्वार, पोर्च, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक बनाया गया है। परिसर में रेट्रो-रिफ्लेक्टिव एलईडी लाइटिंग, बेहतर फर्श, नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय, आरामदायक बैठने की व्यवस्था और पर्याप्त पंखों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा अत्याधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, डिजिटल डिस्प्ले, इल्यूमिनेटेड साइनेज, प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के प्रतीक्षालय और लंबी दूरी के यात्रियों के लिए आधुनिक एग्जीक्यूटिव लाउंज भी तैयार किए गए हैं।

दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं

स्टेशनों को दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल बनाया गया है। लिफ्ट, रैंप, हैंडरेल, दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए टैक्टाइल पाथ, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, आरक्षित पार्किंग, व्हीलचेयर तथा सुगम पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

व्यापार, पर्यटन और विकास को मिलेगा बढ़ावा

रेल अधिकारियों के अनुसार पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन, निवेश और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। रांची रेल मंडल का यह प्रयास रेलवे को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड के रेलवे स्टेशनों का तेजी से हो रहा आधुनिकीकरण राज्य के परिवहन ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ यात्रियों को विश्वस्तरीय रेल यात्रा का अनुभव भी प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *