पलामू

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर डीसी सख्त, अधूरे कार्य जल्द पूरे करने और संवेदकों पर कार्रवाई के निर्देश

मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय तकनीकी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित निर्माण एवं विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने धीमी प्रगति वाले कार्यों पर नाराजगी जताते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, भवन प्रमंडल, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, एनआरईपी, सिंचाई प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल तथा जिला परिषद के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने कई परियोजनाओं में बारिश के कारण कार्य प्रभावित होने की जानकारी दी।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मौसम को बहाना बनाकर विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी तकनीकी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधूरे कार्य हर हाल में पूरे कराए जाएं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही, अनियमितता या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन संवेदकों को कार्य आवंटित होने के बावजूद उन्होंने काम शुरू नहीं किया है, उनके विरुद्ध डिबार (काली सूची में डालने) की कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।

समीक्षा के दौरान कई विभागों ने भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ योजनाओं का कार्य शुरू नहीं हो पाने की जानकारी दी। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे भूमि संबंधी सभी मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सोमवार को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बैठक में संबंधित अंचल अधिकारियों (सीओ) के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि विवादों का समाधान किया जाएगा, ताकि लंबित परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके।

बैठक में सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *