झारखंड राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में डीएवी गांधीनगर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
सात खिलाड़ियों ने रांची जिला टीम का किया प्रतिनिधित्व, टीम बनी राज्य चैंपियन
रांची। खूंटी में आयोजित झारखंड राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर के सात खिलाड़ियों ने रांची जिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल की बदौलत रांची जिला टीम ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
रांची जिला टीम की इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य पी.के. झा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि विद्यालय और जिले दोनों के लिए गौरव का विषय है।
विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
वरिष्ठ खेल शिक्षक गोविंद झा, कौशल कुमार एवं स्वाति शिप्रा सहित विद्यालय के शिक्षकों ने भी पूरी रांची जिला खो-खो टीम को बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
