चतरा पहुंचे बोकारो प्रक्षेत्र के आईजी, कानून-व्यवस्था और एनडीपीएस मामलों की समीक्षा, तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

चतरा, 29 जुलाई। बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को चतरा जिले का दौरा कर कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध, नक्सल गतिविधियों और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
चतरा पहुंचने पर समाहरणालय परिसर में आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने उनका स्वागत किया। समीक्षा बैठक में चतरा और रामगढ़ जिलों के पुलिस पदाधिकारियों, एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों ने भाग लिया।
लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने के निर्देश
बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध, नक्सल गतिविधियों, लंबित कांडों की जांच और एनडीपीएस मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। आईजी ने कहा कि संगठित अपराध और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की समयबद्ध जांच पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अनुसंधान में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए गुणवत्तापूर्ण और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अफीम की खेती और तस्करी पर सख्ती
आईजी ने चतरा पुलिस द्वारा अवैध अफीम की खेती और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हाल में की गई कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरे आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करना होना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
अवैध संपत्तियां जब्त करने के निर्देश
शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने अवैध कारोबार से अर्जित चल और अचल संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों की आर्थिक ताकत कमजोर करना अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम है।
इसके अलावा उन्होंने फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित वारंटों और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और खुफिया तंत्र को और मजबूत करने पर जोर दिया।
नशा उन्मूलन में समाज से सहयोग की अपील
आईजी ने कहा कि नशे की समस्या केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक चुनौती भी है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे नशा उन्मूलन अभियान में पुलिस का सहयोग करें और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल जानकारी पुलिस को दें।
बैठक में मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार सिंह, सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब, चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन, टंडवा एसडीपीओ प्रभात कुमार रंजन सहित रामगढ़ और चतरा जिले के सभी पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
