श्रावणी मेला-2026 का भव्य आगाज़, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजी बाबा बैद्यनाथ की नगरी
देवघर, 29 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला-2026 का बुधवार को देवाधिदेव बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में भव्य शुभारंभ हुआ। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर झारखंड-बिहार सीमा स्थित दुम्मा कांवरिया पथ पर वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मेले का विधिवत शुभारंभ किया गया। पूजा-अर्चना के बाद अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया।
शुभारंभ समारोह में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे, पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु, विधायक सुरेश पासवान, उदय शंकर सिंह (चुन्ना सिंह), देवेंद्र कुंवर, देवघर के मेयर रवि राउत, जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता
देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की सूचना या समस्या मिलने पर प्रशासन तत्काल कार्रवाई करेगा।
इस बार 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोंनु ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से ही इस विशाल धार्मिक आयोजन का सफल संचालन संभव होता है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लगभग 53 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष 55 लाख से अधिक कांवरियों के देवघर पहुंचने की संभावना है।
साफ-सफाई और प्लास्टिक मुक्त मेले पर जोर
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशन में इस बार मेले की बेहतर तैयारियां की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। साथ ही कांवरिया पथ पर पीसीसी निर्माण और बालू रोकने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी दी।
जनप्रतिनिधियों ने की तैयारियों की सराहना
विधायक देवेंद्र कुंवर ने श्रावणी मेले को आस्था और श्रद्धा का महापर्व बताते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ के आशीर्वाद से ही यह आयोजन सफल होता है। विधायक उदय शंकर सिंह (चुन्ना सिंह) ने मेले की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन की सराहना की।
वहीं विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि उद्घाटन के दिन मौसम भी सुहावना रहा, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिली। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए देवघर में ओवरब्रिज निर्माण और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी जोर दिया।
‘बोल बम’ के जयघोष के साथ शुरू हुआ कांवरियों का आगमन
श्रावणी मेले के शुभारंभ के साथ ही ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच कांवरियों का बाबा नगरी में प्रवेश शुरू हो गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दुम्मा बॉर्डर सहित पूरे कांवरिया पथ पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, डीडीसी, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, खेल पदाधिकारी, झामुमो जिला अध्यक्ष सह मंत्री प्रतिनिधि, बीस सूत्री उपाध्यक्ष मुन्नम संजय, अवधेश कुमार, सुरेश साह, उपमहापौर टिप चटर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
