Home

JPL फाइनल में उमड़ी भारी भीड़, JSCA स्टेडियम के वेस्ट गेट पर भगदड़

कई दर्शक घायल, आक्रोशित भीड़ ने गेट और बैरिकेडिंग में की तोड़फोड़

रांची। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार शाम जेपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मैच देखने के लिए अपेक्षा से कहीं अधिक संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंच गए। भीड़ के दबाव के बीच वेस्ट गेट पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें कई दर्शकों के घायल होने की सूचना है।

एंट्री गेट पर बढ़ता गया दबाव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह था। दोपहर से ही दर्शकों का स्टेडियम पहुंचना शुरू हो गया था। मैच शुरू होने से पहले वेस्ट गेट पर हजारों दर्शकों की भीड़ जमा हो गई।

बताया जा रहा है कि प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच की प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी होने के कारण लंबी कतारें लग गईं। इसी दौरान पीछे से लगातार बढ़ती भीड़ के दबाव के कारण धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसने कुछ ही देर में भगदड़ का रूप ले लिया।

कई दर्शकों के घायल होने की सूचना

भगदड़ के दौरान कई दर्शक गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें आईं। कुछ लोगों को मामूली चोटें लगीं, जबकि कुछ के गंभीर रूप से घायल होने की भी सूचना मिली है। हालांकि देर रात तक घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी थी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। दर्शकों का आरोप है कि भीड़ के अनुपात में पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिससे हालात बिगड़ गए।

अव्यवस्था और लंबे इंतजार से नाराज दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए वेस्ट गेट पर धावा बोल दिया। इस दौरान बैरिकेडिंग और गेट के एक हिस्से को नुकसान पहुंचाया गया।

स्थिति नियंत्रित करने में जुटा प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से स्टेडियम में प्रवेश कराने की व्यवस्था की।

फिलहाल घटना को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, इस घटना ने बड़े खेल आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *