होली की घर-वापसी पर ब्रेक, बिहार–झारखंड जाने वाली ट्रेनें अभी से फुल

होली के नजदीक आते ही महानगरों से अपने घरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। खासकर झारखंड और बिहार जाने वाली ट्रेनों में स्लीपर और थर्ड एसी कोच फुल हो चुके हैं और वेटिंग लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है।
मुंबई, दिल्ली, सूरत, चेन्नई और अन्य बड़े शहरों से निकलने वाली लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में टिकट बुक होते ही ‘रिग्रेट’ दिखाई देने लगा है। कोडरमा के रास्ते चलने वाली प्रमुख ट्रेनें जैसे मुंबई-हावड़ा मेल, गांधीधाम-हावड़ा गरबा एक्सप्रेस, गंगा-सतलुज एक्सप्रेस और नई दिल्ली-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस भी पूरी तरह बुक हैं।
इस साल 4 मार्च को होली और शादी-विवाह के शुभ मुहूर्त होने के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। कई लोगों को वेटिंग टिकट ही मिल रहे हैं और अगर समय पर यात्रा नहीं हो पाई तो उन्हें त्योहार अपने शहर में ही मनाना पड़ेगा।
रेलवे ने कोहरे के कारण कुछ ट्रेनों को पहले ही रद्द किया है। यात्रियों को अब होली के मौके पर स्पेशल ट्रेनों की उम्मीद है, लेकिन इसकी संख्या और समय-सारिणी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
