खेल

रांची में हॉकी ऑफिशिएटिंग कोर्स शुरू, पूर्वी भारत के 20 तकनीकी अधिकारी और अंपायर ले रहे प्रशिक्षण

रांची : पूर्वी भारत में हॉकी के तकनीकी स्तर को मजबूत करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए हॉकी इंडिया ने शुक्रवार से रांची में “हॉकी इंडिया ऑफिशिएटिंग एजुकेशन प्लान – लेवल-1 कोर्स” की शुरुआत की। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम हॉकी झारखंड एवं खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के समन्वय से आयोजित किया जा रहा है।

तीन दिवसीय यह कोर्स 22 से 24 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न राज्यों से आए 20 पुरुष एवं महिला तकनीकी अधिकारी और अंपायर भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षित एवं दक्ष ऑफिशियल तैयार करना है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कक्षा आधारित सैद्धांतिक जानकारी के साथ मैदान पर व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जाएगा। इसके अलावा ऑनलाइन मूल्यांकन के माध्यम से उनकी तकनीकी दक्षता की जांच होगी। सफल प्रतिभागियों को लेवल-2 प्रमाणन के लिए चयनित किया जाएगा, जिससे उन्हें राष्ट्रीय स्तर की बड़ी हॉकी प्रतियोगिताओं में ऑफिशिएटिंग का अवसर मिल सकेगा।

हॉकी इंडिया के मार्गदर्शन में संचालित यह ऑफिशिएटिंग एजुकेशन प्लान देशभर में विश्वस्तरीय अंपायरिंग और तकनीकी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हॉकी झारखंड एवं खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए हॉकी इंडिया के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों के साथ-साथ तकनीकी अधिकारियों के कौशल उन्नयन के लिए लगातार प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *