हॉकी झारखंड के नए बायलॉज को मिली मंजूरी, 2026-30 कार्यकाल के चुनाव कराने पर बनी सहमति
रांची : हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह की अध्यक्षता में रविवार को रांची में स्पेशल जनरल बॉडी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय खेल नीति, अंतरराष्ट्रीय हॉकी संघ तथा हॉकी इंडिया के नियम-विनियमों के अनुरूप तैयार किए गए हॉकी झारखंड के नए बायलॉज को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में झारखंड के सभी 24 जिलों से एक महिला एवं एक पुरुष पदाधिकारी ने भाग लिया। इसके अलावा हॉकी झारखंड की कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विस्तृत चर्चा के बाद वर्ष 2026-30 कार्यकाल के लिए हॉकी झारखंड के आम चुनाव कराने का प्रस्ताव लाया गया, जिस पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति जताई।
महासचिव विजय शंकर सिंह ने बताया कि नए बायलॉज लागू होने के बाद संगठन का संचालन राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम 2025 के अनुरूप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया एवं नए संविधान से राज्य में हॉकी के विकास को नई दिशा मिलेगी।
अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने सभी जिला इकाइयों के अध्यक्ष एवं सचिवों को निर्देश दिया कि जिला समितियों में खिलाड़ियों की सहभागिता एवं महिला सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। जिन जिलों में यह व्यवस्था लागू नहीं हुई है, उन्हें एक माह के भीतर चुनाव कराकर इसे पूर्ण रूप से लागू करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि जो पदाधिकारी किसी अन्य खेल संघ में पद पर हैं, वे केवल एक ही खेल संघ में अपनी भूमिका रखें। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को एक माह का समय दिया गया है, ताकि वे सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर सकें।
बैठक में उन जिलों से खिलाड़ियों की सूची भी मांगी गई, जहां अब तक हॉकी स्टिक उपलब्ध नहीं कराई गई है। अध्यक्ष ने कहा कि आगामी बैठक में हॉकी झारखंड की ओर से उन जिलों के खिलाड़ियों को भी हॉकी स्टिक उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, महासचिव विजय शंकर सिंह, कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, चंद्र्यानी मजूमदार, अरविंद सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अशोक भगत, अरविंद सिंह तूफानी, विजय कुमार सनातन सहित हॉकी झारखंड की कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी एवं राज्य के सभी 24 जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
