रांची

महामहिम राज्यपाल ने 17 विशिष्ट विभूतियों को किया सम्मानित, गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ 7वाँ झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026

यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के आयोजन में शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, स्वास्थ्य और कला जगत की हस्तियों को मिला सम्मान

रांची। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य शाखा एवं रांची यूनिट द्वारा रांची विश्वविद्यालय के सहयोग तथा कुछ खास इवेंट्स के इवेंट मैनेजमेंट सहयोग से आयोजित 7वाँ झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026 गुरुवार को रांची विश्वविद्यालय परिसर स्थित आर्यभट्ट सभागार, मोराबादी में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 17 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया।

राज्यपाल और रक्षा राज्य मंत्री रहे मुख्य अतिथि

समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल थे। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री , विधायक , रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) सरोज शर्मा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर, सरला बिरला विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) जगनाथन चोकलिंगम, बिपिन कुमार राय, मनरखन महतो और विष्णु अग्रवाल सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट सुनील साहू द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। समारोह की अध्यक्षता संस्था की झारखंड राज्य शाखा के अध्यक्ष डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी (आईएएस) ने की।

‘सम्मान उत्कृष्ट कार्यों और सामाजिक मूल्यों का होता है’ : राज्यपाल

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि सम्मान केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि उसके द्वारा स्थापित सामाजिक मूल्यों, उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों का होता है। उन्होंने कहा कि यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया जैसे संगठन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, साहसिकता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

वहीं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भारत के युवा अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के बल पर वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं।

17 विभूतियों को मिला झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड–2026

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए 17 हस्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें प्रो. गोपाल पाठक (लाइफटाइम अचीवमेंट–शिक्षा), (फिल्ममेकिंग), राजेश कुमार (अभिनय), पंकज दुबे (लेखन एवं स्टोरीटेलिंग), श्रीमती रोशनी खलखो (सामाजिक नेतृत्व), रिद्धिमा पाठक (स्पोर्ट्स एंकरिंग), डॉ. प्रेम कुमार (हेल्थकेयर एंड सर्जरी), राकेश रमन (थिएटर एवं साहित्य), संजय मिश्रा (पत्रकारिता), प्रो. (डॉ.) अजय कुमार चट्टोराज (शैक्षणिक नेतृत्व), साक्षी जैन (डिजिटल शिक्षा), सुनील सूर्यांत (नवीकरणीय ऊर्जा), शुभ लक्ष्मी शर्मा (क्रिकेट), एल. प्लाटोदीप सिंह (वुशु), प्रशांत सूरज (इवेंट मैनेजमेंट), वैशाली राज (उभरती पत्रकारिता) तथा राजू तिर्की (उभरती अभिनय प्रतिभा) शामिल रहे।

साहसिक गतिविधियों और युवा विकास पर विशेष प्रस्तुति

कार्यक्रम में यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों, ट्रेकिंग, पर्वतारोहण, हिमालयन अभियान, राष्ट्रीय एकता शिविर, व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सेवा कार्यक्रमों पर विशेष प्रस्तुति दी गई। बताया गया कि झारखंड के युवा हर वर्ष विभिन्न राष्ट्रीय साहसिक अभियानों में भाग लेकर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं।

बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे उपस्थित

समारोह में वरिष्ठ शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों, न्यायविदों, उद्योगपतियों, चिकित्सकों, साहित्यकारों, कलाकारों, खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन की सफलता में सुनील साहू, मनोज महतो, मनरखन महतो, रंजन सिन्हा, डॉ. कविता सिंह, अनिका सिंह, जयश्री साहू, शैलेन्द्र दुबे, रत्नेश कुमार, चंचल भट्टाचार्य, कुणाल साह, आकाश अंकुर, सौम्य और पिंटू दुबे सहित कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में शिवेन्द्र दुबे ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *