हिमांशु हत्याकांड : मुख्य आरोपित राहुल दुबे की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद

पुलिस रिमांड में पूछताछ जारी, अब तक 13 आरोपित गिरफ्तार
जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपित राहुल दुबे की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यह बरामदगी मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित होगी।
शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि बिष्टुपुर थाना कांड संख्या 84/2026 के तहत 27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे डी.डी. बार के बाहर हिमांशु पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। अब तक इस मामले में प्राथमिकी एवं अप्राथमिकी के 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, लगातार बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपित राहुल दुबे पुलिस के शिकंजे में आया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया गया। बरामद हथियार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले को और मजबूत किया जा सके।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राहुल दुबे (30), पिता शर्मानंद दुबे, कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर का निवासी है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेज़ी से जारी है तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
