तोरपा में कांग्रेस की बैठक, एसआईआर अभियान की प्रगति और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा

लगातार बारिश से प्रभावित हो रहा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान, कार्यकर्ताओं ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं
खूंटी। तोरपा प्रखंड कांग्रेस कमेटी की बैठक शनिवार को प्रखंड कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष अजय गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला महासचिव एवं तोरपा प्रखंड प्रभारी प्रनीत टोपनो मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य एजेंडा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं पर चर्चा रहा।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण एसआईआर अभियान की गति प्रभावित हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों की कच्ची सड़कों पर फिसलन और जलभराव के कारण बूथों तक पहुंचने तथा मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान विभिन्न पंचायतों से आए कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सड़क, बुनियादी सुविधाओं एवं अन्य जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक इन्हें पहुंचाने का आग्रह किया।
प्रखंड अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें तथा एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें।
बैठक में प्रखंड उपाध्यक्ष नामजन टोपनो, सलीम टोपनो, महासचिव नमन टोपनो, अमरदीप भेंगरा, जीवन टोपनो, फुलजेन टोपनो, पंचायत अध्यक्ष मार्टिन हेमरोम, जिदान टोपनो, मनोज गुप्ता, विजय टोपनो, एसटी मोर्चा के तुर्तन टोपनो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
