Home

खूंटी के चर्चित दोहरे हत्याकांड का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

खूंटी, 15 जुलाई। खूंटी थाना क्षेत्र के घाघरा स्थित तजना नदी पुल के समीप 10 जुलाई को हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, लोहे की रॉड, मोबाइल फोन समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को तजना नदी पुल के पास एक युवक और एक महिला का शव मिलने के बाद खूंटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले कुन्दन प्रमाणिक उर्फ संजीत (36) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य सहयोगियों के नाम बताए। इसके आधार पर पुलिस ने जितेन्द्र सिंह उर्फ जायरा (30), रितेश चीक बड़ाईक (18), मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक (48), सती देवी (38) तथा विजय रंजन शर्मा (40) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी गुमला जिले के करंज थाना क्षेत्र के डुड़िया गांव तथा रांची जिले के बुण्डू थाना क्षेत्र के बिरसा मोड़ के निवासी हैं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश मुख्य वजह रही। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो (जेएच-15एए-5556), मृतक की मोटरसाइकिल (जेएच-02एवाई-7875), मृतका एवं एक आरोपी की चप्पल, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, दोनों मृतकों के मोबाइल फोन, आरोपियों के मोबाइल फोन तथा घटना के बाद जलाए गए कपड़ों की राख बरामद की है। सभी साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार, कुन्दन कुमार, अमरजीत सिंकू, सुधीर कुमार यादव, निशा कुमारी, तकनीकी शाखा की टीम तथा खूंटी थाना के सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *