झारखंड

झारखंड में 26 से 29 जुलाई तक भारी बारिश के आसार, आईएमडी ने जारी किया येलो अलर्ट

रांची, 24 जुलाई। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची मौसम केंद्र ने 26 से 29 जुलाई के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 26 जुलाई को राज्य के दक्षिणी एवं उससे सटे मध्यवर्ती क्षेत्रों, 27 जुलाई को उत्तरी-मध्य और निकटवर्ती पूर्वी भागों तथा 28 जुलाई को मध्यवर्ती एवं उससे लगे उत्तरी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। तेज बारिश और हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 52.5 मिलीमीटर वर्षा कोडरमा में दर्ज की गई। वहीं, सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 34.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को राजधानी रांची में सुबह मौसम साफ रहा, जबकि दोपहर बाद बादल छा गए। रांची का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री, डाल्टनगंज का अधिकतम 30.3 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री, बोकारो का अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री तथा चाईबासा का अधिकतम 27.8 डिग्री और न्यूनतम 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना जताई है। विभाग ने विशेष रूप से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों, किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट का पालन करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *