रांची

रांची समेत कई जिलों में गरज के साथ तेज बारिश, अगले पांच दिनों तक झमाझम बारिश के आसार

रांची, 21 जून। राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। रांची, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो सहित कई जिलों में दोपहर बाद गरज, तेज हवा और बारिश का दौर देखने को मिला, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।

सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे, जिसके कारण दिन में भी अंधेरे जैसा माहौल बना रहा। तेज बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य में सक्रिय हो चुका है। इसके प्रभाव से झारखंड में अगले पांच दिनों तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने रांची सहित राज्य के पूर्वी और मध्य भाग के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने मेघ गर्जन, वज्रपात तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

21 से 25 जून तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 से 23 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 24 और 25 जून तक भी कई जिलों में वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है।

अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। नामकुम में सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

वज्रपात और हादसों में चार लोगों की मौत

मानसून की सक्रियता के बीच राज्य के विभिन्न जिलों से वज्रपात और अन्य हादसों की घटनाएं भी सामने आई हैं। गढ़वा, कोडरमा, गुमला और लातेहार में वज्रपात एवं अन्य घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई।

गढ़वा के धुरकी थाना क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आने से 18 वर्षीय चंदा कुमारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। कोडरमा में दीवार गिरने की घटना में एक महिला की जान चली गई। वहीं, लातेहार और गुमला में भी वज्रपात से लोगों की मौत हुई है।

पलामू के पाटन क्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आकर पांच लोग झुलस गए। इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *