FIH महिला हॉकी नेशन्स कप : भारत ने चिली को 6-0 से रौंदकर फाइनल में बनाई जगह
झारखंड की बेटी सलीमा टेटे बनीं प्लेयर ऑफ द मैच, अब फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा भारत
ऑकलैंड (न्यूजीलैंड)। 15 से 21 जून 2026 तक ऑकलैंड में आयोजित FIH महिला हॉकी नेशन्स कप 2025-26 के सेमीफाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिली को 6-0 के बड़े अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए चिली को पूरी तरह दबाव में रखा।
पहले हाफ में ही भारत ने बनाई 4-0 की बढ़त
सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की ओर से नवनीत कौर और दीपिका ने शानदार खेल दिखाते हुए दो-दो गोल दागे। नवनीत कौर ने छठे और 13वें मिनट में, जबकि दीपिका ने 14वें और 18वें मिनट में गोल कर भारत को पहले हाफ में ही 4-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
नेहा और रुतुजा ने जीत को बनाया यादगार
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने अपना दबदबा बरकरार रखा। नेहा ने 32वें मिनट में और रुतुजा दादासो पिसाल ने 39वें मिनट में गोल कर स्कोर 6-0 कर दिया। पूरे मुकाबले में चिली की टीम भारतीय रक्षा पंक्ति को भेदने में पूरी तरह विफल रही।
झारखंड की सलीमा टेटे बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
भारतीय टीम की कप्तान और झारखंड की बेटी सलीमा टेटे को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। भारतीय टीम में झारखंड की अन्य खिलाड़ी निक्की प्रधान और दीपिका सोरेंग भी शामिल हैं।
फाइनल में मेजबान न्यूजीलैंड से होगा मुकाबला
अब फाइनल में भारत का सामना मेजबान न्यूजीलैंड से होगा। न्यूजीलैंड ने दूसरे सेमीफाइनल में USA को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की है। भारतीय टीम की इस शानदार जीत से खिलाड़ियों और प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है।
हॉकी झारखंड ने दी टीम को बधाई
भारतीय महिला टीम की इस शानदार जीत पर हॉकी झारखंड के सभी पदाधिकारियों ने पूरी टीम को बधाई देते हुए फाइनल मुकाबले के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
