रांची

खड़गे से मिले स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, रिम्स-2 समेत स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों की दी जानकारी

नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष से शिष्टाचार मुलाकात, झारखंड की स्वास्थ्य योजनाओं पर हुई चर्चा

रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार मुलाकात कर राज्य में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। इस दौरान विशेष रूप से एशिया के सबसे बड़े प्रस्तावित रिम्स-2 अस्पताल सहित स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे महत्वपूर्ण बदलावों की जानकारी साझा की गई।

मुलाकात के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वास्थ्य मंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा करते रहें तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के विकास के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का भी संदेश दिया।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुलभ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रिम्स-2 परियोजना झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। इसके निर्माण से राज्यवासियों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं अपने ही प्रदेश में उपलब्ध होंगी और गंभीर उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का मार्गदर्शन और आशीर्वाद उन्हें जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *