योगिनी एकादशी पर श्री श्याम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
विशेष श्रृंगार, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धाभाव से मनाया गया योगिनी एकादशी महोत्सव
रांची। हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में शुक्रवार को योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रातः 5 बजे मंदिर के पट खुलने के साथ ही दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। नियमित श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में एकादशी व्रतधारियों ने बाबा श्री श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रातः 5:30 बजे मंगला आरती संपन्न हुई। इसके बाद मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान एवं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा की उपस्थिति में बाबा श्री श्याम का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर और हरमू रोड पूरे दिन “हारे के सहारे की जय, श्याम प्यारे की जय” के जयघोष से गुंजायमान रहा।
मंदिर की मान्यता के अनुसार सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से बाबा के दरबार में आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। श्रद्धालु अपनी अर्जी लेकर बाबा के दरबार में पहुंचे और पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की।
श्रृंगार आरती के पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। राजीव कुमार एवं प्रियंका प्रियदर्शिनी ने फल सवामणी सेवा अर्पित की। मंडल के मंत्री विष्णु चौधरी, पंकज गाड़ोदिया एवं उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया के सानिध्य में श्रद्धालुओं के बीच फल एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
रात्रि 9:30 बजे एकादशी का मुख्य संकीर्तन कार्यक्रम आरंभ हुआ। पंकज गाड़ोदिया एवं दीपाश्री गाड़ोदिया ने परिवार सहित अखंड ज्योति प्रज्वलित कर बाबा को केसरिया पेड़ा, रबड़ी, मगही पान एवं फलों का भोग अर्पित किया।
इस अवसर पर रबड़ी प्रसाद सेवा अन्नपूर्णा सरावगी, गिरी गोला सेवा मनीष साहू, केसरिया पेड़ा सेवा डॉ. एस.एन. लाल, मगही पान सेवा सुभाष पोद्दार, रौनक पोद्दार एवं मुकेश बरनवाल, पंचमेवा सेवा लता कुमारी, रूबी सिंह तथा नवीन पोशाक एवं बाग सेवा योगेंद्र शर्मा एवं पंकज शर्मा द्वारा समर्पित की गई।
भजन संध्या का शुभारंभ मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया ने गणेश वंदना से किया। इसके बाद श्याम सुंदर शर्मा, साकेत ढांढनिया, अनुज मोदी, प्रवीण अग्रवाल, सलज अग्रवाल और गौरव अग्रवाल ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। देर रात आरती के साथ एकादशी महोत्सव का समापन हुआ।
इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, पूर्व अध्यक्ष सुरेश सरावगी, पूर्व महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़ियां, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान, मंत्री पंकज गाड़ोदिया, विष्णु चौधरी, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि योगिनी एकादशी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
