राहुल गांधी से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की गर्मजोशी भरी मुलाकात, जामताड़ा आने का दिया निमंत्रण
नई दिल्ली। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की सौजन्यपूर्ण एवं आत्मीय मुलाकात हुई। इस दौरान डॉ. अंसारी ने राहुल गांधी को झारखंड के जामताड़ा आगमन का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार करते हुए शीघ्र जामताड़ा आने की बात कही। इस अवसर पर जामताड़ा में ऐतिहासिक जनसभा व सम्मेलन के आयोजन की भी जानकारी दी गई।
मुलाकात के दौरान झारखंड की राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे जनहितकारी एवं विकास कार्यों की जानकारी दी। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व में झारखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और सरकार पूरी मजबूती से जनहित के मुद्दों पर कार्य कर रही है।
संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए डॉ. अंसारी ने बताया कि प्रभारी राजू के मार्गदर्शन में संगठन जमीनी स्तर पर लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच सक्रिय हैं। राहुल गांधी ने राज्य सरकार के मंत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी मंत्री अपने-अपने विभागों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि भाजपा को हर मुद्दे पर तथ्यों के साथ सशक्त जवाब दिया जाना चाहिए तथा सभी धर्मों का सम्मान करते हुए जनता की अपेक्षाओं और समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
बैठक में स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित रिपोर्ट भी सौंपी गई। राहुल गांधी ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने, अधिक मेडिकल कॉलेज खोलने और कुशल डॉक्टर तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने 15 लाख रुपये तक के हेल्थ कार्ड योजना की सराहना की।
डॉ. अंसारी ने बताया कि झारखंड में पहले से ही 15 लाख रुपये तक निःशुल्क इलाज की सुविधा लागू है और राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खाद्य आपूर्ति विभाग पर चर्चा के दौरान PDS प्रणाली को मजबूत करने और 4G e-POS मशीनों के लागू होने की जानकारी दी गई।
अंत में राहुल गांधी ने डॉ. इरफान अंसारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी को उन पर भरोसा है और उनका काम जमीन पर दिख रहा है। वहीं डॉ. अंसारी ने राहुल गांधी के मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।
स्वस्थ, सुरक्षित और खाद्य सुरक्षा से सशक्त झारखंड के संकल्प के साथ यह मुलाकात राज्य के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
