रांची

साउथ एशिया कप कराटे चैंपियनशिप के लिए हजारीबाग के प्रांजल कुमार का भारतीय टीम में चयन

रांची : झारखंड के लिए गर्व की बात है कि हजारीबाग के होनहार कराटेका प्रांजल कुमार का चयन द्वितीय साउथ एशिया कप कराटे चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 17 से 19 जुलाई 2026 तक ढाका (बांग्लादेश) में साउथ एशियन कराटे फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जहां प्रांजल भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रांजल कुमार ने हाल ही में 4 से 7 जुलाई 2026 तक देहरादून (उत्तराखंड) में आयोजित 5वीं KIO सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 वर्ष आयु वर्ग (-55 किलोग्राम) में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय टीम में किया गया है।

प्रांजल ने हजारीबाग में सेंसाई चंद्र प्रकाश उपाध्याय के मार्गदर्शन में कराटे का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से झारखंड के खेल जगत में खुशी का माहौल है और युवा खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिली है।

स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड के सीईओ सेंसाई के. के. सिंह, अध्यक्ष हंसी मानस सिन्हा, सचिव सेंसाई हेजाज़ असदक, शिहान शशि पांडे, शिहान नरेंद्र सिन्हा, शिहान रंजीत मेहता, सेंसाई उदय कुमार सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने प्रांजल कुमार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रांजल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर भारत और झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *