खेल

रांची में 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 शतरंज चैंपियनशिप का भव्य आगाज, 430 खिलाड़ी दिखा रहे प्रतिभा

रांची: सरला बिरला पब्लिक स्कूल में सोमवार को 39वीं राष्ट्रीय अंडर-9 ओपन एवं गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप–2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए 430 प्रतिभागी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि पांच लाख रुपये निर्धारित की गई है।

करीब आठ वर्षों के अंतराल के बाद रांची में आयोजित हो रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता से झारखंड के शतरंज खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। पिछले डेढ़ वर्ष में रांची में आयोजित होने वाली यह तीसरी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता है, जो राज्य में खेल संस्कृति के विस्तार और राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन, रणनीति और निर्णय क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से भविष्य के कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे तथा झारखंड को खेल जगत में नई पहचान मिलेगी।

समारोह में उत्तरी छोटानागपुर के प्रमंडलीय आयुक्त भोर सिंह यादव, उच्च शिक्षा सचिव अंजली यादव, राज्यसभा सांसद एवं ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन (AJCA) के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष रिचा संचिता, सरला बिरला यूनिवर्सिटी के डीजी प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, सरला बिरला पब्लिक स्कूल की प्राचार्या मनीषा शर्मा, एआईसीएफ के संयुक्त सचिव मनीष कुमार, आयोजन सचिव नवजोत अलंग सहित खेल, शिक्षा और उद्योग जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

प्रतियोगिता के आगामी दिनों में विभिन्न वर्गों के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें देशभर के प्रतिभाशाली बाल शतरंज खिलाड़ी अपनी रणनीति और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन से झारखंड में शतरंज के प्रति रुचि को नई गति मिलने के साथ युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *