Home

डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर एथलीट मीट का भव्य शुभारंभ, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

रांची, 31 जुलाई 2026। डीएवी पब्लिक स्कूल गांधीनगर, सीसीएल, रांची के तत्वावधान में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2026-27 के तहत क्लस्टर एथलीट मीट का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में जेएससीए, रांची के वाइस चेयरमैन संजय पांडेय मुख्य अतिथि तथा डीएवी गांधीनगर विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन संजय ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि संजय पांडेय ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने की प्रेरणा मिलती है। विशिष्ट अतिथि संजय ठाकुर ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने अतिथियों, टीम प्रबंधकों, प्रशिक्षकों और विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में डीएवी की प्रचार्या किरण यादव, प्रचार्या नीरजा सहाय, डीएवी आनंद स्वामी की प्राचार्या रेशु चौधरी, डीएवी पतरातू की प्राचार्या रोशी वाधवानी, डीएवी खलारी के प्राचार्य कमलेश कुमार तथा डीएवी भरेचनगर के प्राचार्य जीपी झा सहित अन्य पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

खेलगांव के अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन

प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं रांची के खेलगांव स्थित अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलेटिक्स ट्रैक पर आयोजित की गईं। डीएवी क्लस्टर-9 के छह विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने रिले रेस, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

लंबी कूद के 14 वर्षीय बालक वर्ग में डीएवी पतरातू के आदित्य कुमार, 17 वर्षीय वर्ग में डीएवी खलारी के प्रतीक धान और 19 वर्षीय वर्ग में नीरजा सहाय डीएवी के शिवम कुमार नायक ने स्वर्ण पदक जीता।

ट्रिपल जंप में 14 वर्षीय वर्ग में नीरजा सहाय डीएवी के अली नवाज, 17 वर्षीय वर्ग में शिवम तथा 19 वर्षीय वर्ग में करण ने प्रथम स्थान हासिल किया।

शॉटपुट में 14 वर्षीय बालक वर्ग में डीएवी पतरातू के उज्ज्वल कुमार, 17 वर्षीय वर्ग में डीएवी भरेचनगर के यश जायसवाल और 19 वर्षीय वर्ग में डीएवी गांधीनगर के वैभव जायसवाल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। बालिका वर्ग में 14 वर्षीय वर्ग की आयशा फिरदोस, 17 वर्षीय वर्ग की आर्या वत्स और 19 वर्षीय वर्ग की अनी अंजनी मुंडा ने पहला स्थान प्राप्त किया।

1500 मीटर दौड़ के 14 वर्षीय बालक वर्ग में डीएवी आनंद स्वामी के उत्कर्ष उरांव, 17 वर्षीय वर्ग में डीएवी पतरातू के यीशु कुमार और 19 वर्षीय वर्ग में नीरजा सहाय डीएवी के हर्षित कुमार महतो ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में 14 वर्षीय वर्ग की अर्पिता प्रिया, 17 वर्षीय वर्ग की रितिका रानी और 19 वर्षीय वर्ग में डीएवी गांधीनगर की पूजा कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया।

4×400 मीटर रिले के 17 वर्षीय बालक वर्ग में नीरजा सहाय डीएवी के ओम मुंडा ने प्रथम स्थान हासिल किया।

100 मीटर दौड़ में 14 वर्षीय बालक वर्ग के युवराज कुमार गिरी, 17 वर्षीय वर्ग के पलन कुमार और 19 वर्षीय वर्ग के गुंजन मुंडा ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया।

800 मीटर दौड़ में 14 वर्षीय बालिका वर्ग में डीएवी गांधीनगर की शमायरा हाशमी और 19 वर्षीय वर्ग में पूजा कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया।

उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों और खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *