रांची

हज यात्रियों का वैक्सिनेशन और मेडिकल जांच कराएगी सरकार : इरफान अंसारी

रांची, 05 फ़रवरी । राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एवं झारखंड हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि हज यात्रियों की सभी मेडिकल जांच और वैक्सीनेशन का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। उन्हाेंने कहा कि इस दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हाजियों को पूरी सुविधाएं दी जाएंगी।

मंत्री बुधवार को हज 2026 की तैयारियों को लेकर राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ आयोजित बैठक में बोल रहे थे। बैठक में हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन प्रक्रिया को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर बल दिया गया।

डॉ अंसारी ने कहा कि सरकार हज पर जाने वाले सभी हाजियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हज 2026 के तहत झारखंड से लगभग 1670 हज यात्रियों का जाना प्रस्तावित है। सरकार की ओर से निर्देश दिया गया कि 07 फरवरी तक सभी हाजियों की मेडिकल स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए, ताकि 08 फरवरी 2026 से वैक्सीनेशन प्रक्रिया शुरू की जा सके।

उन्होंने कहा कि मेडिकल स्क्रीनिंग के बाद ही वैक्सीनेशन और वीज़ा प्रक्रिया संभव होगी, इसलिए सभी जिलों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने की जरूरत है। वहीं अंसारी ने रांची से इमिग्रेशन प्वाइंट हटाने पर चिंता जताते हुए बताया कि इस मुद्दे पर हज कमेटी ऑफ इंडिया से बातचीत चल रही है।

बैठक में सदर अस्पताल रांची के सिविल सर्जन डॉ प्रभात रंजन सहित राज्यभर के सिविल सर्जन और अन्य अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *