गोड्डा

गोड्डा में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 40 किलो गांजा के साथ 7 गिरफ्तार

गोड्डा

Godda : नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर गोड्डा में अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने देवड़ाड़ थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली विदेशी शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली शराब और करीब 40 किलो गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में विजय भगत, प्रीतम कुमार यादव, मुन्ना यादव, रविंद्र कुमार, फुलसर कुमार, जोगेंद्र कुमार और शहबाज अंसारी शामिल हैं। सभी आरोपी गोड्डा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

एसपी मुकेश कुमार के आदेश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 4 फरवरी को एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि देवड़ाड़ थाना के सियरकटिया गांव स्थित पुराने बंद पड़े खदान के पास एलवेस्टर के मकान में नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री चल रही है और वहीं से गांजा की खरीद-बिक्री भी की जा रही है।

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए गोड्डा एसडीपीओ के नेतृत्व में देवड़ाड़, पोडैयाहाट, सुंदरपहाड़ी, मुफस्सिल और गोड्डा नगर थाना की संयुक्त छापामारी टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने एलवेस्टर के मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां बड़े पैमाने पर संचालित अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ। छापेमारी में पुलिस ने करीब 40 किलो गांजा, 90 बोरियों में रखी 8640 बोतल (180 एमएल) नकली विदेशी शराब, करीब 40 लीटर तैयार नकली शराब, शराब बनाने के उपकरण, यूपी सरकार के होलोग्राम, रॉयल चैलेंज कंपनी के लेबल, खाली बोतलें, ढक्कन, ड्रम, एक आल्टो कार, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया। पुलिस ने देवड़ाड़ थाना मामला दर्ज कर सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *