गिरिडीह

गिरिडीह : लंकेस्टर अस्पताल परिसर में फिर भू-धसान, रसोईघर-जेनरेटर रूम समेत कई क्वार्टर क्षतिग्रस्त

गिरिडीह, 27 सितंबर । सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के बनियाडीह कोलियरी क्षेत्र स्थित लंकेस्टर अस्पताल परिसर में शनिवार देर रात एक बार फिर भू-धसान की घटना हुई। तेज आवाज के साथ हुए भू-धसान से अस्पताल परिसर का रसोईघर, जेनरेटर रूम समेत कई स्टाफ क्वार्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई क्वार्टरों में रह रहे कर्मियों और उनके परिजनों को देर रात ही सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार देर रात लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले तो अस्पताल के आसपास के बड़े हिस्से में जमीन धंसी हुई मिली। भू-धसान की चपेट में आने से कई भवनों में दरारें पड़ गईं और कुछ संरचनाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित क्वार्टरों में रह रहे लोगों को बाहर निकाला गया। रविवार सुबह से ही प्रभावित कर्मी अपने घरों से जरूरी सामान निकालते नजर आए। कई कर्मियों ने बताया कि वे सुरक्षा कारणों से अपना सामान लेकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर इस घटना के पीछे क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन के कारण जमीन के खोखला होने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला चोरी के लिए अस्पताल परिसर के आसपास बड़े पैमाने पर जमीन के नीचे खुदाई की गई, जिसके कारण जमीन की सतह कमजोर हो गई है और लगातार भू-धसान की घटनाएं हो रही हैं। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *