रांची

रांची रेलवे स्टेशन से अपहृत चार वर्षीय बच्चा साहिबगंज से सकुशल बरामद, पांच आरोपित गिरफ्तार

रांची, 27 सितंबर। रांची पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर से चार वर्षीय बच्चे के अपहरण मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहृत बच्चे को साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ से सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह बच्चा रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर था। इसी दौरान उसकी मां के पास नहीं होने का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात लोग उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की।

विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय गुप्तचर तंत्र के माध्यम से आरोपितों के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर एक आरोपित को धनबाद पुलिस के सहयोग से धनबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया और फिर उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने साहिबगंज पुलिस के सहयोग से साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ में छापेमारी की। यहां से चार अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बच्चे को उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अब अपहरण के पूरे नेटवर्क और घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले में धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज पुलिस के अलावा संथाल परगना के पुलिस महानिरीक्षक का भी विशेष सहयोग रहा। रांची पुलिस ने अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के प्रति आभार जताया है।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *