श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में चार दिवसीय संगीतमय श्रीकृष्ण बीतक कथा महोत्सव का शुभारंभ, जन्मोत्सव की लीलाओं से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
रांची: एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम ट्रस्ट के तत्वावधान में पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में चार दिवसीय संगीतमय श्रीकृष्ण बीतक कथा महोत्सव का गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ भव्य शुभारंभ हुआ।
यह दिव्य आयोजन ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में प्रारंभ हुआ है। कथा का वाचन वृंदावन से पधारी सुप्रसिद्ध कथा वाचिका परम पूज्य विदुषी साध्वी मीना महाराज एवं विदुषी साध्वी पूर्णा महाराज द्वारा किया जा रहा है। उनकी मधुर वाणी और भक्तिमय प्रस्तुति ने पहले ही दिन श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पूज्य कथा वाचिकाओं का हुआ अभिनंदन
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल द्वारा दोनों कथा वाचिकाओं को अंगवस्त्र एवं पुष्प अर्पित कर सम्मानित करने के साथ हुआ।
इस अवसर पर अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल ने बताया कि इस चार दिवसीय कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जीवन, उनकी अलौकिक लीलाओं, धर्म, प्रेम, करुणा तथा सनातन संस्कृति के महान आदर्शों का संगीतमय वर्णन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
कथा के प्रथम दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और बाल लीलाओं का वर्णन
कथा के प्रथम दिवस साध्वी मीना महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य (जन्मोत्सव), उनके दिव्य बाल स्वरूप तथा गोकुल और वृंदावन की मनोहारी बाल लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान प्रस्तुत भजन-संकीर्तन और जीवंत झांकियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गुंजायमान रहा।
9 अगस्त तक चलेगा महोत्सव, श्रद्धालुओं से अपील
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि यह संगीतमय श्रीकृष्ण बीतक कथा महोत्सव 6 से 9 अगस्त तक प्रतिदिन अपराह्न 2:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने रांची एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से मौजूद रहे: डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, बिष्णु सोनी, ज्ञान चन्द्र शर्मा, संजय सर्राफ, विधा देवी अग्रवाल, बिमला जालान, शोभा जालान, सरिता अग्रवाल, ललिता अग्रवाल, शकुन्तला केजरीवाल, रमा डोकानिया, उषा मोदी, नन्द रानी पाठक, रेखा पोद्दार, शिला मुरारका, रिंकु जालान, सुनीता अग्रवाल सहित ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
