IHM रांची में विकास कार्यों का शिलान्यास, मंत्रियों ने कहा — युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर
रांची: IHM रांची परिसर में सभागार सह कार्यकारी विकास केंद्र और बालिका छात्रावास विस्तारीकरण योजना का शिलान्यास कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर कॉलेज को छोटा नागपुर स्टडीज एंड रिसर्च सेंटर के रूप में विकसित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि मांडर क्षेत्र के युवाओं ने विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा और JPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में अपना बेहतर प्रदर्शन साबित किया है, इसलिए यहां उच्च शिक्षा के विस्तार की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिणी छोटानागपुर अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक खान-पान के लिए जाना जाता है। IHM से जुड़कर युवा इन परंपराओं को आधुनिक कौशल के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखंड की संस्कृति और पहचान अद्वितीय है। पहले हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार की संभावनाएं सीमित समझी जाती थीं, लेकिन IHM जैसे संस्थानों ने युवाओं के लिए उभरते हुए अवसरों के रास्ते खोले हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पर्यटन विभाग, IHM के विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने देगा। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के युवाओं को अपने ही प्रदेश में पर्याप्त रोजगार मिल सके।
कार्यक्रम में IHM के प्रिंसिपल डॉ. भूपेश कुमार, आनंदित भारद्वाज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
