पश्चिमी सिंहभूमि

पार्टी के एफबी अकाउंट पर अश्लील तस्वीरें पोस्ट करने पर झामुमाे नेता पर प्राथमिकी दर्ज

पश्चिमी सिंहभूम, 4 नवंबर । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के आधिकारिक फेसबुक (एफबी) अकाउंट पर अश्लील तस्वीरें अपलोड करने के मामले में पार्टी से निष्कासित पूर्व जिला संयुक्त सचिव सह ग्रामीण संवेदक संघ के अध्यक्ष सुनील सिरका के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया है।

इस संबंध में झामुमो के जिला सचिव राहुल आदित्य ने लिखित शिकायत करते हुए बताया कि 31 अक्टूबर की रात सुनील सिरका ने अपने व्यक्तिगत अकाउंट से पार्टी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर चार नग्न महिलाओं की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट कीं। यह वही पेज है, जिससे हजारों पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग जुड़े हुए हैं। इस पोस्ट से पार्टी की गरिमा और छवि को गहरी ठेस पहुंची है।

शिकायत में कहा गया है कि सुनील सिरका को वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के कारण झामुमो संगठन से छह वर्षों के लिए निष्कासित किया गया था। इसके बावजूद उन्होंने अब पुनः पार्टी की छवि धूमिल करने और जनता में भ्रम फैलाने की नीयत से यह आपत्तिजनक पोस्ट किया है।

झामुमो ने इस पूरे प्रकरण को पूर्व नियोजित साजिश करार देते हुए आरोप लगाया है कि इस तरह की हरकत से न केवल संगठन की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, बल्कि इंटरनेट मीडिया पर पार्टी की साख भी प्रभावित हुई है। मंगलवार को पुलिस ने मामला की पुष्टि की है और जांच शुरू करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *