वित्त मंत्री ने पलामू में चेकडैम की रखी आधारशिला
पलामू, 20 मार्च । झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू जिले के पाटन प्रखंड के नावा जयपुर क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण योजनाओं का शुक्रवार को शिलान्यास किया। इन योजनाओं पर कुल 1 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत आएगी, जिसके तहत धांगरडीहा, खजुरिया और बेटीबांध नालों पर चेक डैम का निर्माण किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पलामू जिले में भूगर्भीय जल स्तर लगातार गिर रहा है, जो एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि जिले में अधिकांश नदियां बरसाती हैं, लेकिन आवश्यक संरचनाओं के अभाव में करीब 80 प्रतिशत वर्षा जल का संचयन नहीं हो पाता।
मंत्री ने कहा कि वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इस वित्तीय वर्ष के बजट में कई अहम प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत छोटी-छोटी नदियों और नालों पर चेक डैम बनाकर जल संग्रहण को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इन तीनों चेक डैम के निर्माण से आसपास के गांवों का जलस्तर सुधरेगा और पेयजल संकट भी काफी हद तक दूर होगा। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह, भोला सिंह, प्रशांत किशोर, जिला परिषद सदस्य संग्राम सिंह, राजकमल तिवारी, लव कुमार मेहता समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।
