मेजर ध्यानचंद सीनियर जिला हॉकी चैंपियनशिप के फाइनलिस्ट तय
पुरुष वर्ग में लिटिल टाइगर और सीओई सिमडेगा, महिला वर्ग में सीओई सिमडेगा और एसटीसी सिमडेगा फाइनल में
सिमडेगा। सिमडेगा में आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर जिला पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप-2026 के फाइनलिस्ट तय हो गए हैं। पुरुष वर्ग में लिटिल टाइगर और सीओई सिमडेगा, जबकि महिला वर्ग में सीओई सिमडेगा और एसटीसी सिमडेगा ने फाइनल में जगह बनाई है। दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे। इसके अलावा तीसरे और चौथे स्थान के लिए भी मुकाबले होंगे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से 13 सितंबर तक हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन में हॉकी सिमडेगा एवं खेल विभाग, सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के 15वें दिन पुरुष वर्ग में छह मुकाबले खेले गए। अब तक 15 दिनों में 58 टीमों के बीच कुल 124 मैच खेले जा चुके हैं।
पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल
पहले क्वार्टर फाइनल में लिटिल टाइगर ने केवीएस सिमडेगा को 6-1 से हराया। सीओई सिमडेगा ने संत मेरी हाई स्कूल सामटोली को 1-0 से पराजित किया। आदिवासी हॉस्टल ‘ए’ और लंबोई के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ। पेनल्टी शूटआउट के सडन डेथ में आदिवासी हॉस्टल ‘ए’ ने 4-3 से जीत दर्ज की।
पुलिस केंद्र सिमडेगा और मास्टर ब्रदर्स के बीच मुकाबला भी 1-1 से बराबरी पर रहा। पेनल्टी शूटआउट में पुलिस केंद्र सिमडेगा ने 3-2 से जीत हासिल की।
सेमीफाइनल में लिटिल टाइगर और सीओई की जीत
पहले सेमीफाइनल में लिटिल टाइगर ने पुलिस केंद्र सिमडेगा को 6-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में सीओई सिमडेगा ने आदिवासी हॉस्टल ‘ए’ को 3-1 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब पुरुष वर्ग के खिताबी मुकाबले में सीओई सिमडेगा और लिटिल टाइगर आमने-सामने होंगे।
महिला वर्ग में सीओई सिमडेगा और एसटीसी सिमडेगा पहले ही फाइनल में पहुंच चुके हैं। महिला वर्ग के तीसरे-चौथे स्थान के मुकाबले में संत जेवियर बरवाडीह और लंबोई की टीमें आमने-सामने होंगी।
रविवार को होंगे खिताबी मुकाबले
सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में खेले जाएंगे। सुबह 7 बजे पुरुष वर्ग के तीसरे-चौथे स्थान का मुकाबला पुलिस केंद्र सिमडेगा और आदिवासी हॉस्टल ‘ए’ के बीच होगा। सुबह 9:30 बजे महिला वर्ग में संत जेवियर बरवाडीह और लंबोई के बीच तीसरे-चौथे स्थान का मुकाबला होगा। दोपहर 1 बजे पुरुष वर्ग का फाइनल सीओई सिमडेगा और लिटिल टाइगर के बीच तथा दोपहर 2 बजे महिला वर्ग का फाइनल सीओई सिमडेगा और एसटीसी सिमडेगा के बीच खेला जाएगा।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सुनील तिर्की एवं सिमडेगा जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष बसंत बा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ कराया। वहीं क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, हॉकी सिमडेगा के वरिष्ठ पदाधिकारी पैंक्रेटियूस टोप्पो, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संजय तिर्की, नेल्सन कुजूर एवं बिनोद कुल्लू सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों की शुरुआत कराई।
चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन कर रहे दर्शकों एवं खेलप्रेमियों की भी अहम भूमिका रही।
