एथलेटिक्स प्रशिक्षक सेमिनार में आधुनिक प्रशिक्षण तकनीकों पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
रांची, 23 मई 2026: एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक सेमिनार के दूसरे दिन भी राज्यभर से आए प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सेमिनार 22 से 25 मई तक आयोजित की जा रही 29वीं राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
सेमिनार का उद्देश्य प्रशिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों, खेल विज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग तकनीकों से अवगत कराना है। दूसरे दिन देश एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी प्रशिक्षकों ने एथलेटिक्स प्रशिक्षण के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
प्रसिद्ध खेल विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षक डॉ. प्रवीर कुमार ने “Modern Concept of Periodisation” विषय पर व्याख्यान देते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रमों के वैज्ञानिक नियोजन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने Microcycle, Mesocycle, Phase, Session और Unit सहित प्रशिक्षण संरचना के विभिन्न आयामों की जानकारी दी।
उन्होंने Preparation Period के अंतर्गत General Preparation एवं Specific Preparation, Competition Period, Pre-Competition Period तथा Transition Period की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आधुनिक एथलेटिक्स में वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण खिलाड़ियों के प्रदर्शन को उच्च स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है।
सत्र के दौरान प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण संबंधी विभिन्न तकनीकी प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। इससे प्रशिक्षकों को खिलाड़ियों के प्रदर्शन सुधार, प्रशिक्षण प्रबंधन एवं दीर्घकालिक खेल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं।
इस अवसर पर झारखंड एथलेटिक्स संघ की प्लानिंग कमिटी के चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. राधाकृष्ण नायर, राज मोहन एम.के., सी.डी. सिंह, एस.के. पांडे, आशीष झा सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षक, खेल पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।
सेमिनार के आगामी सत्रों में भी खेल विज्ञान, आधुनिक प्रशिक्षण तकनीकों एवं उच्च स्तरीय प्रदर्शन विकास से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
