बिहार

तेजस्वी यादव के नाम हटाने के आरोपों को चुनाव आयोग ने किया खारिज, सिर्फ मतदान केंद्र में हुआ बदलाव


पटना, 2 अगस्त । बिहार में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा मतदाता सूची से नाम हटाने के आरोपों को चुनाव आयोग ने सिरे से खारिज कर दिया है। जिला प्रशासन, पटना की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि तेजस्वी यादव का नाम सूची में मौजूद है, केवल उनका मतदान केंद्र बदला गया है।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत उनके नाम को मतदाता सूची से हटा दिया गया है। इस पर निर्वाचन आयोग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच कराई। जांच में पाया गया कि तेजस्वी यादव का नाम अब मतदान केंद्र संख्या 204, बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पुस्तकालय भवन में क्रम संख्या 416 पर दर्ज है। पहले उनका नाम इसी भवन के केंद्र संख्या 171 पर क्रम संख्या 481 पर था।

सम्राट चौधरी का पलटवार

इस मुद्दे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “तेजस्वी जी, आपकी योग्यता पर मुझे ही नहीं, आपके परिवार और पूरे बिहार को भी शंका है। S.I.R ड्राफ्ट में अपना नाम खोजना आपके लिए मुश्किल लग रहा होगा। आपका नाम क्रम संख्या 416 पर पिताजी के साथ दर्ज है। अब फर्जीवाड़े की दुकानदारी बंद कीजिए।”

सम्राट चौधरी ने राजद पर भ्रम फैलाने और डर का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी बार-बार बोगस साबित हो रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *